बलरामपुर-रामानुजगंज , मार्च 09 -- छत्तीसगढ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बसंतपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से मवेशियों को क्रूरता पूर्वक ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने वाहन से चार जीवित मवेशी और एक मृत भैंसा बरामद किया है।
पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, थाना बसंतपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1-घ) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुलंद अफसर (24) निवासी ग्राम बडहोर, थाना बभनी, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति वाड्रफनगर की ओर से एक महिंद्रा पिकअप वाहन में भैंसों को ठूंस-ठूंस कर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं, जहां उन्हें कथित रूप से बूचड़खाने ले जाया जाना था। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी के निर्देशन में बसंतपुर थाना गेट के पास अवरोधक लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का संकेत दिया गया। वाहन रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति मौके से फरार हो गये, जबकि चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम बुलंद अफसर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार भेंस और एक मृत भैंसा पाया गया, जिन्हें क्रूरता पूर्वक वाहन में भरा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित