बुरहानपुर , सितंबर 02 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में खकनार थाना पुलिस ने पिकअप वाहन लूट की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया वाहन बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 31 अगस्त की रात करीब 11.30 बजे फरियादी श्रीराम राठौर अपने साथी हेल्पर उमेश राठौर के साथ पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 11 जी 2744 में खाद खाली कर शाहपुर से वापस लौट रहे थे। ग्राम धावटी के पास दो अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल अड़ाकर वाहन रुकवाया और मारपीट कर पिकअप वाहन छीनकर फरार हो गए।

फरियादी की रिपोर्ट पर खकनार थाने में लूट का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे तथा एसडीओपी नेपानगर सुरेश महाले के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए वाहन की बरामदगी के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक जाधव के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि मांजरोद खुर्द-सावलीखेड़ा मार्ग पर सफेद रंग की पिकअप खड़ी है और उसके पास पीली टी-शर्ट पहने एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर वाहन के पास मौजूद व्यक्ति को हिरासत में लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम ज्ञानेश्वर पिता रमेश कास्डेकर (24) निवासी सावलीखेड़ा, जिला अमरावती, महाराष्ट्र बताया। फरियादी ने उसकी पहचान लूट की घटना में शामिल आरोपी के रूप में की। पुलिस ने ज्ञानेश्वर कास्डेकर को गिरफ्तार कर उसके मेमोरेंडम के आधार पर लूटा गया पिकअप वाहन जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी की तलाश तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित