हनुमानगढ़ , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तीन वाहनों की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
पुलिस सू्त्रों ने शनिवार को बताया कि हादसे के शिकार हरियाणा के हिसार जिले के आर्यनगर गांव के श्रद्धालु थे। वे पल्लू में एक धार्मिक स्थल मां ब्रह्माणी के दर्शन करके टेम्पो से रात में अपने गांव लौट रहे थे। तभी महाकाली गैस एजेंसी के सामने तेज रफ्तार पिकअप ने पहले एक ट्रैक्टर को टक्कर मारी और फिर सवारियों से भरे टेम्पो से जा भिड़ा।
पुलिस ने बताया कि टक्कर में टेम्पो में सवार 62 वर्षीय रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में राहुल, जयपाल, रोहिताश, माया, आर्यन, सरोज, राजबाला, कनट और पूनम और अन्य लोग शामिल हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत पल्लू अस्पताल पहुंचाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित