बागेश्वर , जून 17 -- उत्तराखंड के बागेश्वर स्थित पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक से लापता उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के पर्वतारोही अभिषेक चौहान का 20वें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पर्यटक की तलाश में बागेश्वर पुलिस और विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों का तलाशी अभियान लगातार जारी है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के तहत बुधवार को पुलिस और संयुक्त रेस्क्यू टीमों की ओर से खाती गांव के आसपास के जंगलों, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और गहरी खाइयों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। टीमों ने लापता पर्यटक के अंतिम संभावित स्थान (मिसिंग पॉइंट) पर पहुंचकर ई-साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी की।
पुलिस की ओर से थाना कपकोट में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस तकनीकी और मैन्युअल दोनों स्तरों पर जांच में जुटी है। इसके तहत उच्च हिमालयी क्षेत्रों के ग्रामीणों, पशुपालकों और ट्रेकिंग गाइडों से भी लगातार पूछताछ कर संभावित जानकारी जुटाई जा रही है।
श्री मेहरा के अनुसार मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद खोज अभियान जारी है। हालांकि अब तक लापता पर्यटक के संबंध में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस अधीक्षक स्वयं अभियान की निगरानी कर रहे हैं और रेस्क्यू टीमों से नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट ले रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि गाजियाबाद निवासी अभिषेक चौहान गत 28 मई को पिंडारी ग्लेशियर के ट्रैकिंग पर गया था और अगले दिन वापसी के दौरान खाती गांव से लगभग सात-आठ किमी पहले छिल्याणी गधेरे के पास यकायक लापता हो गया था।
पोर्टर और गाइड की ओर से उसी रात को खाती पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित