चम्पावत , अक्टूबर 13 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत विधानसभा के निवासियों को पासपोर्ट सेवाओं के लिए अब देहरादून के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिलावासियों के लिए जिले में तीन दिवसीय विशेष पासपोर्ट मोबाइल वैन कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
प्रभारी अधिकारी जाकिर हुसैन ने बताया कि केन्द्र सरकार के पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम के तहत जिला के नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोबाइल कैम्प लगाये जा रहे हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार आगामी 27 और 28 अक्टूबर को चंपावत जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में मोबाइल वैन कैंप स्थापित किया जाएगा जबकि अगले दिन 29 अक्टूबर को तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) में कैंप लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कैंप में नया पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन, पासपोर्ट का नवीनीकरण, डुप्लीकेट पासपोर्ट और दस्तावेजों की जांच व मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यही नहीं इससे क्षेत्रीय नागरिकों को आवेदन और संबंधित प्रक्रियाएं पूरी करने में आसानी होगी। जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित