यमुनानगर , सितंबर 04 -- हरियाणा में यमुनानगर नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर पालिका और फायर कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को 30वें दिन भी जारी रही।

हड़ताल की अध्यक्षता नगर पालिका शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन जिला प्रधान विजेंद्र ने की, जबकि संचालन सचिव सुभाष और कोषाध्यक्ष ललित कुमार ने किया। विरोध स्वरूप श्यामलाल, जसबीर, नरेंद्र, रमेश, सुखबीर, नरेश, संजय, रिक्की और कुलदीप सहित 15 कर्मचारियों ने सिर मुंडवाकर सरकार और विभागीय मंत्री के प्रति शोक व्यक्त किया।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि पांच अगस्त के बाद विभागीय मंत्री विपुल गोयल वार्ता से गायब हैं और ऐसे नेताओं को बातचीत के लिए भेजा जा रहा है जिनके पास मांगें पूरी करने का अधिकार नहीं है। सरकार हठधर्मिता छोड़कर बातचीत से समाधान निकाले।

संघ ने आरोप लगाया कि सरकार समाधान की बजाय उत्पीड़न का रास्ता अपना रही है। सफाई कर्मचारियों को पांच सितंबर तक ड्यूटी पर लौटने के आदेश जारी किये गये हैं, तीन सितंबर को फायर विभाग के पे-रोल कर्मचारी रिंकू कुमार और कौशल कर्मचारी अभिषेक और कमल कांबोज को बर्खास्त कर दिया गया है। सरकार बर्खास्तगी और दमन बंद कर बातचीत करे।

उन्होंने घोषणा की कि पांच सितंबर को कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के रादौर स्थित शिविर कार्यालय पर उल्टा झाड़ू प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान ठेका प्रथा समाप्त करने, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने और रिक्त पदों पर पक्की भर्ती को लेकर मंत्री से सवाल पूछे जाएंगे। इसके बाद 10, 11 और 12 सितंबर को जिला स्तरीय न्याय पंचायत कर अन्य संगठनों से समर्थन की अपील की जाएगी।

संघ ने कहा कि कर्मचारी आंदोलन लंबा नहीं खींचना चाहते, लेकिन 13 मई को मानी गयी मांगों के लिखित आदेश 6 सितंबर तक जारी नहीं हुए तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन करने पर मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित