रुद्रपुर/देहरादून , अप्रैल 08 -- उत्तराखण्ड पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को छह साल पहले सामने आये बहुचर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल हुई है। एसटीएफ ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी 25 हजार रुपये के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को बुधवार को रुद्रपुर से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह की ओर से इस मामले का खुलासा करते हुए बताया गया कि 12 अक्टूबर, 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड के भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि बदमाश कार से आये थे। एक आरोपी ने पहले पार्षद को घर के बाहर बातचीत में उलझाया और फिर अन्य बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में पार्षद को सिर, गले और सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या राजनीतिक रंजिश के साथ ही क्षेत्रीय वर्चस्व के परिणामस्वरूप की गई। इसके लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब चार लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। पुलिस सात आरोपियों में से छह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है जबकि रिंकू शर्मा फरार चल रहा था।

श्री सिंह के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और साक्ष्यों के आधार पर लगातार निगरानी की जा रही थी। आज तड़के सूचना मिली कि आरोपी रूद्रपुर में है। सटीक सूचना पर एसटीएफ ने रूद्रपुर कोतवाली पुलिस के साथ कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी जग्गा का पुरा, थाना डिमनी, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) का निवासी है। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी वसूली और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 12 मामले दर्ज हैं। रूद्रपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित