बारां , जून 16 -- राजस्थान में बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र में मंगलवार को पार्वती नदी में नहाने गये चार लोगों की डूबने से मौत हो गयी ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ये लोग बारां जिले के छबड़ा में एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने के लिये आये थे। इनमें दो लोग मध्यप्रदेश के गुना जिले के निवासी बताये जा रहे हैं। सुबह सभी लोग गुगोर स्थित पार्वती नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे।
सूत्रों ने बताया कि इसी दौरान छीपाबड़ौद निवासी गुड्डी बाई (45) के बेटे का पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चला गया। बेटे को डूबता देख गुड्डी बाई उसे बचाने के लिए नदी में उतर गई। इसके बाद उसका दूसरा बेटा सलाम और अन्य लोग भी पानी में चले गए। किशोर को बचा लिया, लेकिन एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में चार लोग गहरे पानी में चले गये। इससे गुड्डी बाई सहित चार लोग डूब गये।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में बचाव अभियान शुरू किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद चारों के शव नदी से बाहर निकाले गये।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की जा रही है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इनमें से तीन लोग जिले के बाहर के निवासी हैं, जबकि एक स्थानीय निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित