बारां , अप्रैल 26 -- राजस्थान में बारां जिले के सदर थाना क्षेत्र में सुंडा कोठड़ी (कोयला) के पास रविवार दोपहर एक कार के पार्वती नदी में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लोकेश मेहता (35) पुत्र चंद्रमोहन, निवासी कोयला (थाना सदर, बारां) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि लोकेश कार से जा रहा था कि मध्याह्न करीब 12 बजे कार अचानक अनियंत्रित हो गई और नदी में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी एवं राहत दल मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोकेश को निकाला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस कार में अन्य व्यक्तियाें के होने की संभावना के मद्देनजर नदी में तलाशी अभियान चला रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित