बैतूल , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर 2.25 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को शाजापुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में साइबर ठगी के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार बैतूल के कारगिल चौक, सदर निवासी एक महिला ने 17 फरवरी 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 12 जनवरी 2026 को इंस्टाग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब तलाशते समय उसने एक लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से संपर्क कर होटल रेटिंग देने के बदले ऑनलाइन कमाई का प्रस्ताव दिया गया।
शुरुआत में आरोपियों ने छोटे-छोटे टास्क पूरे कराकर महिला से 150, 150, 350, 250 और 1,300 रुपये निवेश कराए तथा विश्वास जीतने के लिए 3,000 रुपये वापस भी कर दिए। इसके बाद उससे 5,000 और 70,000 रुपये जमा कराए गए, लेकिन राशि वापस नहीं मिली। पूछने पर आरोपियों ने सिस्टम हैक होने का बहाना बनाया और पहले की रकम वापस दिलाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये और जमा करा लिए। इस प्रकार महिला से कुल 2.25 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे तथा एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की सहायता से आरोपी की पहचान की गई।
पुलिस ने शाजापुर जिले के कालापीपल थाना क्षेत्र के ग्राम चायनी निवासी फरीद खां (26) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 20 हजार रुपये के लालच में अपना इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक का खाता साइबर ठगी में इस्तेमाल करने के लिए एक अन्य आरोपी को उपलब्ध कराया था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक रियलमी मोबाइल फोन और 1,010 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर प्रकरण में बीएनएस की धारा 319(2) और 3(5) भी जोड़ दी गई हैं।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर पार्ट-टाइम जॉब, होटल रेटिंग या टास्क आधारित कमाई के नाम पर मिलने वाले प्रलोभनों से सावधान रहने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित