रांची , मई 08 -- झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद धीरज साहू रांची के अशोक नगर स्थित आवास पर राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर से मुलाकात करने पहुंचे।

इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान पार्टी संगठन, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बातचीत के दौरान वित्त मंत्री श्री किशोर ने कहा कि वे पार्टी के कुछ निर्णयों से आहत अवश्य हैं, लेकिन पार्टी हित को सर्वोपरि मानते हुए 18 तारीख तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि वे झारखंड कांग्रेस प्रभारी श्री के. राजू जी से मुलाकात कर अपनी बात विस्तारपूर्वक रखेंगे।

वित्त मंत्री श्री किशोर ने कहा "मैंने जो बातें कही हैं, वे पार्टी विरोधी नहीं हैं, बल्कि पार्टी हित, सामाजिक न्याय और सम्मान से जुड़ी बातें हैं। आप दोनों के आग्रह पर मैं 18 तारीख तक संयम बनाए रखूंगा और अपनी बात पार्टी आलाकमान के समक्ष रखूंगा। दलित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज़ को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी में दलितों, अल्पसंख्यकों एवं कमजोर वर्गों की भागीदारी और सम्मान सुनिश्चित होना अत्यंत आवश्यक है। समय रहते संवाद और समाधान की प्रक्रिया अपनाई जाए, तभी संगठनात्मक मजबूती एवं सकारात्मक माहौल कायम रहेगा।

इस अवसर पर पूर्व सांसद धीरज साहू ने कहा कि सार्वजनिक बयानबाज़ी से विपक्ष, विशेषकर भाजपा, राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी अंदरूनी मुद्दों का समाधान संगठनात्मक मंच पर आपसी संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए।

डॉ. अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से दलितों, अल्पसंख्यकों एवं कमजोर वर्गों के सम्मान और अधिकारों की पक्षधर रही है और आगे भी रहेगी। आगे उन्होंने कहा कि राधा कृष्ण किशोर हमारे वरिष्ठ नेता, अभिभावक और संघर्षशील व्यक्तित्व हैं। वे सिर्फ दलित समाज ही नहीं, बल्कि अल्पसंख्यक एवं वंचित समाज की भी मजबूत आवाज़ हैं। उनके आक्रोश, भावनाओं और सुझावों को हम पूरी गंभीरता के साथ पार्टी आलाकमान तक पहुंचाएंगे। फिलहाल संवाद, संयम और संगठनात्मक एकता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी एक परिवार की तरह है और हर विषय का समाधान लोकतांत्रिक संवाद एवं संगठनात्मक प्रक्रिया के माध्यम से निकाला जाएगा। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद चौधरी भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित