पटना , सितंबर 16 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता निशांत कुमार ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनाव अभियान को गति देने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया है।श्री कुमार ने बुधवार को यहां 7, सर्कुलर रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर जदयू के नालंदा जिले के सांसद, विधायकों, विधान पार्षदों और वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनाव तैयारियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के दौरान कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी सहयोगी दलों के साथ मिलकर पूरी मजबूती से चुनाव अभियान चलाना है।
जदयू नेता ने कहा कि मतदान से लेकर मतगणना तक की स्पष्ट रणनीति बनाकर अभी से काम करने की जरूरत है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राजग के सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और निरंतर संवाद बनाए रखना होगा तथा स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं तक पहुंचना होगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी चुनाव अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं के साथ लगातार संवाद करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि संगठन ही जदयू की ताकत है और बूथ स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता को आपसी समन्वय के साथ पूरी सक्रियता से चुनाव अभियान में जुटना होगा।
उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार और युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इन उपलब्धियों को प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाने के साथ ही राजग की नीतियों और सरकार के विकास कार्यों से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा।
बैठक में विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, सांसद कौशलेंद्र कुमार, मुख्य प्रवक्ता सह विधान पार्षद नीरज कुमार, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ई. सुनील कुमार, विधायक हरि नारायण सिंह, डॉ. जितेंद्र कुमार, कौशल किशोर, कृष्णमुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, रुहेल रंजन, विधान पार्षद रीना यादव सहित अन्य नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित