चंडीगढ़ , अगस्त 17 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के धनास में पार्क में बैठे तीन युवकों पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये और एक को हल्की चोट आयी है। तीनों को सेक्टर-16 अस्पताल भेजा गया है।

गंभीर रूप से घायलों के नाम लक्की (19) और अरुण (22) है, जबकि कुलदीप (25) के हाथ पर चोट लगी। कुलदीप को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अरुण का उपचार जारी है। लक्की की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सुबह करीब छह बजे पीजीआई रेफर किया गया।

लक्की के भाई रोहित के मुताबिक, रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे उसका भाई धनास स्थित घर के सामने पार्क में बैठा था। इसी दौरान तीन-चार युवक वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने लक्की पर पीछे से चाकू से वार किया। रोहित ने आरोपियों के नाम सरजू, बिट्टू, धर्मेंद्र और जादू बताए हैं। उसके अनुसार लक्की के पेट में चाकू घोंपा गया और उसे घुमाया गया, जबकि अरुण की छाती और पीठ पर कई बार चाकू से वार किया गया।

घटना की सूचना मिलने पर सारंगपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित