बैतूल , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पारिवारिक विवाद से आहत एक मजदूर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के कोलगांव गांव की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान कोलगांव निवासी गरीबदास कासदे (40) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रविवार शाम वह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह खेत में काम कर रहे मजदूरों ने उसका शव खेत में बने टपरे में फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद खेत मालिक को सूचना दी गई और कोटवार के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक आत्महत्या से पहले मृतक का अपनी बहू से बच्चों के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद के दौरान बहू द्वारा चप्पल मारने की घटना से वह मानसिक रूप से आहत हो गया था। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां परीक्षण उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया है कि गरीबदास कासदे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और खेत में ही परिवार के साथ काम करता था। परिवार में उसकी पत्नी रजनी और दो बच्चे हैं। पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मृतक को शराब पीने की आदत थी। थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, जिसमें दुष्प्रेरण की संभावना भी शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित