फिरोजाबाद , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद थाना मटसैना क्षेत्र के गांव दौकेली में शुक्रवार को पारिवारिक कलह से परेशान चूड़ी जुड़ाई मजदूर ने पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

गांव दौकेली निवासी किशन प्रताप (42) चूड़ी जुड़ाई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था।

परिजनों के अनुसार आज पारिवारिक कलह के बाद वह घर से निकल गया। घर से कुछ दूरी पर जाकर उसने पेड़ पर फंदा लगा लिया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। इसी दौरान पेड़ पर उसका शव लटका मिला।

शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक अपने पीछे दो बेटों और दो बेटियों को छोड़ गया है।

थानाध्यक्ष विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक कलह के चलते युवक ने फंदा लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित