नैनीताल , फरवरी 09 -- उत्तराखंड उच्च न्यायालय के नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता के सम्मान में सोमवार को 'फुल कोर्ट रेफरेंस' का आयोजन किया गया।
इस मौके पर 15वें मुख्य न्यायाधीश बने श्री गुप्ता ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को पारदर्शी व तकनीक-अनुकूल बनाने के साथ त्वरित न्याय प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अपने 25 साल की यात्रा में कई महत्वपूर्ण निर्णय दिए हैं और देश भर के उच्च न्यायालयों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे न्याय की गरिमा बनाए रखने और वादकारियों को सुलभ न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं व उच्च न्यायालय के कार्मिकों की समस्याओं के समाधान के संबंध में प्रयास किया जाएगा ।
इससे पहले महाधिवक्ता एसएन बाबुलकर की ओर से मुख्य न्यायाधीश का औपचारिक अभिनंदन किया गया। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने न्यायमूर्ति गुप्ता के दीर्घ अनुभव और कानून की गहरी समझ की सराहना की।
उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने भी मुख्य न्यायाधीश का परिचय देते हुए उनके आगमन को राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इसके पश्चात् हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत ने बार के सभी सदस्यों की ओर से उनका स्वागत किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड की न्यायिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। समारोह में मुख्य स्थायी अधिवक्ता चंद्रशेखर रावत, अधिवक्ता, जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी समेत बड़ी संख्या में न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित