दरभंगा , सितंबर 18 -- बिहार में दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने नव चयनित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं को लाभुकों के बीच खाद्यान्न का वितरण पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।श्री कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नव चयनित पीडीएस विक्रेताओं के बीच ईपॉस मशीनों का वितरण करते हुए कहा कि इसके माध्यम से जन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी और पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का सुचारू रूप से वितरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के चयन की प्रक्रिया के तहत कुल 149 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 124 अभ्यर्थियों की अनुज्ञप्ति निर्गत की जा चुकी है, जबकि 25 मामले वाद के कारण लंबित हैं। आज के कार्यक्रम में नव चयनित विक्रेताओं के बीच 70 ईपॉस मशीनें वितरित की गयीं।उन्होंने बताया कि नव चयनित पीडीएस विक्रेताओं के लिए खाद्यान्न आवंटन की स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है। संबंधित पदाधिकारियों एवं विक्रेताओं को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जन वितरण प्रणाली का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
श्री कुमार ने कहा कि जन वितरण प्रणाली सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। सभी विक्रेता अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ करें।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं नव चयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित