नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि पिछले एक वर्ष में सरकार ने पारदर्शी प्रशासन, भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था, तेज़ इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, डिजिटल गवर्नेंस और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिल्ली को नयी गति और दिशा देने का कार्य किया है।

श्रीमती गुप्ता आज उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र में खजूरी चौक स्थित नमो ग्राउंड पर सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए बीते 365 दिनों को 'जनता के विश्वास, सेवा के संकल्प और सुशासन के परिणाम' का वर्ष बताया।

उन्होंने कहा कि 'पहला कदम बदलाव का, एक साल विकास का' केवल एक नारा नहीं, बल्कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है। पिछले एक वर्ष में सरकार ने पारदर्शी प्रशासन, भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था, तेज़ इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, डिजिटल गवर्नेंस और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिल्ली को नई गति और नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह वर्ष दिल्ली को नया आत्मविश्वास देने का वर्ष रहा है, जहां सरकार ने हर वर्ग जैसे गरीब, श्रमिक, महिला, युवा और मध्यम वर्ग आदि के हितों को प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मंत्र को आधार बनाकर दिल्ली में सुशासन का नया मॉडल स्थापित किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाला समय विकास की इस रफ्तार को और तेज़ करने, दिल्ली को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाने और हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने का होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि दिल्ली की जनता विकास और सुशासन की इस यात्रा में सरकार के साथ खड़ी है। सरकार स्वयं को जनता का सेवक मानते हुए दिल्ली के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित