मुरादाबाद/अमरोहा, सितंबर 20 -- सीएनएन- न्यूज़18 की वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता के असामयिक निधन पर मुरादाबाद तथा अमरोहा के पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उप्र वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन (यूपीडब्ल्यूजेयू) सेक्रेटरी तथा उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति, तथा प्रेस क्लब धनौरा से जुड़े पत्रकारों ने अलग-अलग शोक संदेश जारी कर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की तथा उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
गौरतलब है कि पत्रकारिता क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली पायल मेहता ने संसद रिपोर्टिंग के दौरान निष्ठा, ईमानदारी और उच्च पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर पत्रकार जगत में एक अलग पहचान बनाई थी। उत्तर प्रदेश वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने संयुक्त रूप से उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके निधन से समाचार जगत ने एक समर्पित और निष्ठावान सहकर्मी को खो दिया है।
दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक और चुनावी गतिविधियों से उनकी रुचि होने की वजह से दिवंगत पायल मेहता को जमीनी स्तर के घटनाक्रमों की व्यापक समझ थी। राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख अंग्रेजी समाचार संस्थान से संबद्ध रहने के बावजूद उनका व्यवहार हिंदी भाषी पत्रकारों के साथ भी समान रूप से बेहद सहज, सरल और आत्मीय रहता था। पत्रकारों ने बताया कि वह छोटे-बड़े संस्थानों और जनपदों में कार्यरत पत्रकारों में बगैर भेदभाव और सभी से समान व सहज-सरल तरीके से संवाद स्थापित रखती थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित