अबू धाबी , अक्टूबर 28 -- संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने पायलट स्मित मच्छार सहित विमान के चालक दल के सदस्यों को यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में साहस और व्यावसायिक दक्षता दिखाने के लिए प्रथम श्रेणी के 'ऑर्डर ऑफ जायद द्वितीय' सम्मान से सम्मानित किया है।

यह सम्मान 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान एफजेड1073 में हुई घटना के दौरान यात्रियों की जान बचाने के प्रयासों के लिए दिया गया। यह यूएई के प्रमुख नागरिक सम्मानों में से एक है।

यूएई के उपराष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मखदूम की मौजूदगी में राष्ट्रपति ने चालक दल के सदस्यों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विमान को सुरक्षित रखने में चालक दल के साहस एवं पेशेवर दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा यूएई की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

चालक दल के सदस्यों ने सम्मान के लिए राष्ट्रपति के प्रति आभार जताया और इसे अपनी सेवा, समर्पण तथा प्रतिबद्धता की मान्यता बताया।

यूएई के उपप्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मखदूम ने चालक दल के सदस्यों को सम्मान प्रदान किया। उन्होंने घटना के दौरान उनके साहस और जिम्मेदारी की भावना की सराहना की।

समारोह में राष्ट्रपति न्यायालय के विकास एवं शहीद नायकों के मामलों के उपाध्यक्ष शेख थियाब बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और दुबई एयरपोर्ट्स तथा एमिरेट्स एयरलाइन एवं समूह के अध्यक्ष शेख अहमद बिन सईद अल मकतूम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित