बाड़मेर , सितंबर 01 -- राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने मंगलवार को बाड़मेर में छात्रों के साथ संवाद किया।
श्री पायलट ने अपने बाड़मेर दौरे के दौरान 'वीरेंद्र धाम' पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने धाम परिसर में रह रहे छात्रों के साथ सुबह का नाश्ता किया और उनसे संवाद करते हुए उनके अध्ययन और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। संवाद के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को लगन से पढ़ाई करने और समाज एवं देश के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्री पायलट ने वीरेंद्र धाम द्वारा क्षेत्र के युवाओं के लिए किए जा रहे सामाजिक एवं शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की। वीरेंद्र धाम का निर्माण पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमाराम चौधरी ने अपने पुत्र वीरेंद्र चौधरी की स्मृति में कराया है। यह धाम बाड़मेर में ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए आवास, अध्ययन और मार्गदर्शन का एक प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
इस दौरान श्री चौधरी, मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं विधायक हरीश चौधरी और सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित