नयी दिल्ली , जुलाई 20 -- पायलटों के प्रमुख संगठन एल्पा इंडिया ने सोमवार को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को पत्र लिखकर दुबई, अबु धाबी तथा पश्चिम एशिया के अन्य जोखिम भरे क्षेत्रों से होकर जाने वाली भारतीय विमान सेवा कंपनियों की उड़ानें निलंबित करने की मांग की।
अंतरराष्ट्रीय संगठन इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एयर लाइन पायलट्स एसोसिएशन की भारतीय इकाई एल्पा इंडिया ने पत्र में लिखा है कि पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति हाल के दिनों में और खराब हो गयी है। दुबई और अबु धाबी के खिलाफ स्पष्ट धमकी की हालिया खबरों और क्षेत्र में सैन्य तनाव बढ़ने से इलाके में नागरिक विमानन के लिए खतरा बढ़ गया है।
संगठन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र में नागरिक उड़ानों को न सिर्फ सैन्य कार्रवाई का, बल्कि गलत पहचान, मिसाइल की चपेट में आने, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर, जीपीएस में छेड़छाड़, तेजी से बदलते हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंध और चालक दल के पास सीमित जानकारी का भी खतरा होता है।
उसने नागर विमानन मंत्रालय और डीजीसीए से दुबई, अबु धाबी तथा खतरे वाले अन्य पश्चिम एशियाई देशों में भारतीय ऑपरेटरों की वाणिज्यिक उड़ानों को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। उसने राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों, खुफिया अधिकारियों और विमानन सुरक्षा के विशेषज्ञों से जोखिम के वृहत और स्वतंत्र आंकलन की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित