महासमुंद , मई 29 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पानी की समस्या को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर उसके शव को महानदी के बीच स्थित टापू में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार रायपुर जिले के मंदिर हसौद निवासी भूनेश्वर यादव की गुमशुदगी की रिपोर्ट 22 मई को मंदिर हसौद थाने में दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि भूनेश्वर यादव अपने परिचित नोहरदास रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे के साथ कार में सवार होकर शराब पीते हुए महासमुंद जिले के नांदगांव क्षेत्र की ओर गया था।
जांच में सामने आया कि नांदगांव के पास वार्ड में पानी की समस्या और जनप्रतिनिधि की कार्यशैली को लेकर भूनेश्वर यादव तथा निर्दलीय पार्षद नोहरदास रात्रे के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नोहरदास रात्रे और उसके दोनों साथियों ने भूनेश्वर यादव के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक नोहरदास रात्रे ने अपने रिश्तेदार श्रवण दास रात्रे निवासी नांदगांव को घटना की जानकारी दी और उसकी मदद से शव को महानदी के पानी के बीच स्थित एक टापू पर ले जाकर रेत में दफना दिया।
मामले की सूचना मिलने पर महासमुंद कोतवाली पुलिस, मंदिर हसौद पुलिस तथा कार्यपालिक दण्डाधिकारी की मौजूदगी में मौके पर पहुंची और रेत की खुदाई कर शव बरामद किया गया।
घटना महासमुंद थाना क्षेत्र में होने के कारण मंदिर हसौद पुलिस ने प्रकरण को महासमुंद कोतवाली पुलिस को हस्तांतरित कर दिया। पुलिस ने मामले में नोहरदास रात्रे, अमित सिंह राजपूत, हेमचंद बंजारे तथा श्रवण दास रात्रे को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित