चंडीगढ़ , अक्टूबर 30 -- चंडीगढ़ नगर निगम की 366वीं फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी की बैठक में कांग्रेस पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने जनहित के कई मुद्दे उठाए। बैठक में पानी के बकाया बिल किस्तों में जमा करवाने की सुविधा देने और छठ पूजा का बजट 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने का फैसला लिया गया।

श्री बंटी ने कहा कि आम लोगों और गांवों के निवासियों के लिए पानी के भारी बकाया बिल एकमुश्त जमा करवाना मुश्किल है। इस पर नगर निगम कमिश्नर ने विशेष कैंप लगाने और किस्तों में भुगतान की सुविधा देने के निर्देश दिए, ताकि बकाया राशि के कारण पानी के कनेक्शन न काटे जाएं।

छठ पूजा के लिए बढ़ाए गए बजट से पूजा स्थलों पर खड्डों का निर्माण, तिरपाल, लाइटें, बैनर और म्यूजिक सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सभी वार्डों में श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित