बैतूल , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में घर के पीछे बने पानी के टैंक में गिरने से छह वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम कामठामाल निवासी छह वर्षीय आशीष, पिता बुधराम, शनिवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह खेलते-खेलते घर के पीछे बने पानी के टैंक में गिर गया।

काफी देर तक बालक के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, जिसके बाद वह पानी के टैंक में मिला। परिजन उसे तत्काल चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना को हादसा माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित