पानीपत , अक्टूबर 15 -- हरियाणा के पानीपत शहर के वार्ड नंबर-3 में देवी मंदिर के पास खुले नाले में एक बार फिर बच्चे के गिरने का मामला सामने आया है। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को नाले से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। यह घटना गुरुवार दोपहर घटी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बच्चा नाले को पार करने की कोशिश करता है लेकिन अचानक उसमें गिर जाता है और डूबने लगता है। नाला करीब सात फुट गहरा बताया जा रहा है। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को बाहर निकाल लिया।
इसी स्थान पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। अगस्त में एक महिला खुले नाले में गिर गई थी। उस समय भी दुकानदारों और आसपास मौजूद लोगों ने महिला को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई थी। इसके अलावा क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवारों के गड्ढों में गिरने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद खुले नालों और अधूरे निर्माण कार्यों की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सड़क और सीवर लाइन का काम अधूरा पड़ा है तथा खुले नालों और गड्ढों के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित