पानीपत , अक्टूबर 29 -- हरियाणा के पानीपत के थिराना स्थित ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में आगामी एक नवंबर को होने वाला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से 29 अक्टूबर को जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई है। हालांकि, कार्यक्रम स्थगित करने का कारण नहीं बताया गया है।

राष्ट्रपति को इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय परियोजना 'विकसित भारत का संकल्प, ग्राम उत्थान से राष्ट्र उत्थान' का शुभारंभ करना था। यह आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में प्रस्तावित था।

राष्ट्रपति के निजी सचिव मृत्युंजय शर्मा ने ज्ञान मानसरोवर की अतिरिक्त निदेशक डॉ. बीके लीना को पत्र भेजकर निर्धारित कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना दी।

कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति का रविवार, 1 नवंबर को दोपहर 2:50 बजे से 3:35 बजे तक आयोजन में शामिल होने का समय तय था। यह कार्यक्रम स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित किया जाना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित