बैतूल , अगस्त 19 -- वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने मंगलवार को पाथाखेड़ा क्षेत्र का दौरा कर छतरपुर-1 भूमिगत खदान और क्षेत्रीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान डॉ. पांडे ने छतरपुर-1 भूमिगत खदान में सुरक्षित प्रवेश-निकास, वास्तविक समय निगरानी और कर्मचारी उपस्थिति प्रबंधन के लिए स्थापित एआई आधारित स्मार्ट गेट का उद्घाटन किया। उन्होंने खदान में कर्मचारियों की सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।

सीएमडी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को संबोधित करते हुए कार्यस्थल पर सुरक्षा, अनुशासन और बेहतर कार्यप्रणाली के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

डॉ. पांडे ने पाथाखेड़ा के क्षेत्रीय चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय के विभिन्न विभागों, मेल एवं फीमेल वार्ड, ओपीडी, फार्मेसी, एक्स-रे मशीन और प्रयोगशाला का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए प्रयोगशाला को आधुनिक सुविधाओं से अपडेट करने के निर्देश दिए।

इसके बाद सीएमडी ने क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी और चिकित्सकीय टीम के साथ बैठक की। बैठक में चिकित्सालय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक जेके गुप्ता, सीएमडी के तकनीकी सचिव अनिल नायर, क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. प्रसाद सहित मुख्यालय से आए महाप्रबंधक, क्षेत्रीय विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, कल्याण मंडल सदस्य तथा श्रमसंघ एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित