बैतूल , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सारनी स्थित वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) के पाथाखेड़ा क्षेत्र की तवा वन खदान में स्क्रैप चोरी का प्रयास सुरक्षा बलों की तत्परता से विफल हो गया। बदमाश सुरक्षा कर्मियों पर पथराव कर करीब 50 मीटर विद्युत केबल काट ले गए, लेकिन संयुक्त सर्च अभियान के दौरान केबल जंगल से बरामद कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार देर रात तवा वन खदान में घुसे अज्ञात बदमाशों ने पंखा घर के समीप से लगभग 50 मीटर विद्युत केबल काट लिया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों पर पथराव भी किया गया। घटना की सूचना मिलते ही वेकोलि सुरक्षा विभाग ने पाथाखेड़ा पुलिस चौकी और सारनी थाना पुलिस को अवगत कराया।
सूचना के बाद पुलिस, विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ.) तथा वेकोलि के सुरक्षा कर्मियों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जंगल में व्यापक सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान बदमाश काटा हुआ केबल छोड़कर फरार हो गए। संयुक्त टीम ने जंगल से केबल बरामद कर लिया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनकी पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया है कि पाथाखेड़ा क्षेत्र की कोयला खदानों में पिछले एक माह से स्क्रैप चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। स्थानीय लोगों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित