भुवनेश्वर , सितंबर 20 -- बीजू जनता दल (बीजद) की युवा और छात्र शाखा ने रविवार को पहली से आठवीं कक्षा की स्कूली पाठ्यपुस्तकों में हुई गलतियों के विरोध में 22 सितंबर से दो दिवसीय विधानसभा घेराव की घोषणा की है। पार्टी नेताओं ने स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की मांग की है।

बीजू युवा जनता दल के अध्यक्ष चिन्मय साहू और बीजू छात्र जनता दल की अध्यक्ष ईप्सिता साहू ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर लगातार विरोध प्रदर्शनों के बावजूद त्रुटिपूर्ण पाठ्यपुस्तकों को वापस लेने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) लागू होने के बाद ये किताबें देर से बांटी गईं और इनमें कई तरह की गलतियां हैं, जिससे आगामी परीक्षाओं को देखते हुए छात्रों के भविष्य पर संकट मंडरा रहा है।

बीजद नेताओं ने प्रकाशन प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसमें 380 करोड़ रुपये के घोटाले का दावा किया और इसमें शिक्षा मंत्री की संलिप्तता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इससे पहले भी किताबें वापस लेने, उच्च स्तरीय जांच कराने और मंत्री को हटाने की मांग को लेकर राज्यव्यापी प्रदर्शन किए थे, लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित