नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने गुरुवार को यहां महानदी जल विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ बैठक की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बैठक में महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में चल रही तकनीकी वार्ताओं तथा संयुक्त तकनीकी समिति की प्रगति की समीक्षा की गयी। बैठक में जलशक्ति मंत्रालय, केंद्रीय जल आयोग तथा दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। केंद्रीय जल आयोग के अध्यक्ष की अध्यक्षता में गठित विस्तारित तकनीकी समिति की पहली बैठक 29 जुलाई को आयोजित की गयी।
श्री पाटिल ने कहा कि महानदी दोनों राज्यों के लाखों लोगों की जीवनरेखा है और बातचीत, तकनीकी सहयोग तथा आपसी विश्वास के माध्यम से ही सभी पक्षों के लिए स्वीकार्य एवं स्थायी समाधान निकाला जा सकता है। दोनों मुख्यमंत्रियों ने भी रचनात्मक संवाद जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर बातचीत से महानदी जल विवाद का आपसी सहमति से स्थायी समाधान संभव होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित