चंडीगढ़ , अक्टूबर 31 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पांच नवंबर को अंबाला में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में निर्मित भव्य राष्ट्रीय शहीदी स्मारक का उद्घाटन करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास कबीर कुटीर में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम शहीद स्मारक सोसाइटी की शासी परिषद की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्मारक की आधिकारिक वेबसाइट का भी शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि करीब 22 एकड़ में फैला यह स्मारक देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीर योद्धाओं के साहस और बलिदान का प्रतीक है। स्मारक में 23 अत्याधुनिक गैलरी बनाई गई हैं, जिनमें आधुनिक तकनीक के माध्यम से 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख घटनाओं, वीर सेनानियों के संघर्ष और उनके बलिदान को प्रदर्शित किया गया है।

श्री सैनी कहा कि यह स्मारक देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और इतिहास प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। इससे युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और वीर शहीदों के योगदान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने पाच नवंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के ऐतिहासिक स्मारकों और संग्रहालयों को जोड़कर विशेष स्मारक पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा। इससे राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को पहचान मिलेगी तथा पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित