मानसा , जून 09 -- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी शहजाद भट्टी से जुड़े तीन आतंकवादी मामलों के संबंध में पंजाब और हरियाणा में 18 जगहों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।

एनआईए की टीमों ने मानसा जिले के बुढलाडा उपमंडल के गांव कुलाना में एक युवक के घर पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पाकिस्तान स्थित आतंकवादी शहजाद भट्टी से कथित संबंधों की जांच के सिलसिले में की गयी। एनआईए द्वारा उक्त युवक के घर पर की गयी यह तीसरी छापेमारी है।

जानकारी के अनुसार एनआईए की टीम ने गांव कुलाना निवासी यादविंदर सिंह उर्फ प्रीत के घर की तलाशी ली। परिवार के सदस्यों ने बताया कि जांच एजेंसी के अधिकारियों ने घर की तलाशी के साथ-साथ बैंक खातों से संबंधित दस्तावेजों और लेन-देन की जानकारी की भी जांच की। इस बार टीम अपने साथ कोई सामान जब्त करके नहीं ले गयी।

मीडिया से बातचीत करते हुए यादविंदर सिंह ने बताया कि एनआईए अधिकारियों ने उनसे कुछ मोबाइल नंबरों और संपर्कों के बारे में पूछताछ की। इसके अलावा उन्हें 15 जून को चंडीगढ़ स्थित एनआईए कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिये गये हैं।

यादविंदर ने कहा, " पिछली छापेमारियों के दौरान एनआईए मेरे मोबाइल फोन अपने साथ ले गयी थी। इस बार अधिकारियों ने केवल घर की तलाशी ली और सोमवार को चंडीगढ़ कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है।"इस दौरान कई लोगों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी जुटाई। उन्होंने कई डिजिटल उपकरण और दस्तावेज भी जब्त किये। तलाशी के दौरान मिली गयी सभी जानकारी और सबूतों को गहन जांच के साथ-साथ फोरेंसिक एवं तकनीकी परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि सीमा पार की बड़ी साजिश का खुलासा किया जा सके।

सूत्रों के अनुसार यादविंदर सिंह दसवीं कक्षा तक शिक्षित है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। हालांकि एनआईए अधिकारियों ने जांच के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

गौरतलब है कि एनआईए पाकिस्तान आधारित आतंकवादी शहजाद भट्टी से जुड़े संभावित नेटवर्क और संपर्कों की जांच कर रही है। इसी कड़ी में विभिन्न स्थानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित