पठानकोट , अक्टूबर 14 -- पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत पठानकोट पुलिस ने सीमा पार से जुड़े हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और ठिकाने से कुल 7.823 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के गांव वडाला निवासी गुरपंथ और गुरदासपुर जिले के ध्यानपुर निवासी हरमनजीत कौर के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच में डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के साथ वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की जा रही है, ताकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह के अनुसार विश्वसनीय सूचना के आधार पर स्पेशल ब्रांच की टीम ने गुरपंथ को रोककर उसके कब्जे से 590 ग्राम हेरोइन बरामद की। पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच के बाद पुलिस ने फतेहगढ़ चूड़ियां में एक किराये के मकान पर छापा मारा। वहां से हरमनजीत कौर को गिरफ्तार कर 7.233 किलोग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद की गयी।
एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में तस्करी के सीमा पार संपर्क सामने आये हैं। बरामदगी में पाकिस्तानी निशान वाली मुहरों के छाप से युक्त पैकेट भी मिले हैं। पुलिस को नशीले पदार्थों की खेप से संबंधित वीडियो तथा वित्तीय लेनदेन और खातों की जानकारी भी मिली है, जिनकी जांच की जा रही है।
इस संबंध में पठानकोट के सदर थाने में 12 अक्टूबर को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत प्राथमिकी संख्या 155 दर्ज की गयी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित