श्रीगंगानगर , जून 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज पांच किलोमीटर दूर पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलस गुप्तचर विभाग के संयुक्त दल ने गुरुवार को एक मकान पर छापा मारकर 402 ग्राम हेरोइन और दो लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद की।
इस मामले में एक युवक कुलदीपसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि आरोपी कुलदीपसिंह निवासी चक 2-केएलडी के बारे में सीआईडी को गोपनीय सूचना मिली थी कि वह चोरी-छिपे हीरोइन की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही सीआईडी के दल ने गुप्त निगरानी शुरू की और आरोपी के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई। इसके बाद आज जिला पुलिस, बीएसएफ और सीआईडी के संयुक्त दल ने मकान पर छापा मारा।
छापेमारी में रायसिंहनगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल, अनूपगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक कैलाशदान और रावला थाना प्रभारी बलवंत कुमार शामिल रहे। बीएसएफ को इसलिए शामिल किया गया क्योंकि घटनास्थल पाकिस्तान सीमा से मात्र पांच किलोमीटर दूर है। हाल ही में केंद्र सरकार ने बीएसएफ को सीमा से 50 किलाेमीटर तक की दूरी पर कार्रवाई करने का अधिकार दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी कुलदीपसिंह को कुछ दिन पहले खेत में हेरोइन के पैकेट मिले थे। वह पैकेट चुपचाप घर ले आया और पशुओं के बाड़े में जमीन खोदकर दबा दिये। फिर वह धीरे-धीरे पैकेट से हेरोइन निकालकर बेचने लगा। छापेमारी के दौरान पशुओं के बाड़े के पास खोदी गई जगह से 402 ग्राम हेरोइन और बिक्री से प्राप्त लगभग दो लाख एक हजार रुपये नकद बरामद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित