श्रीनगर , अक्टूबर 31 -- जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को पाकिस्तान के बारे में की गई हालिया टिप्पणियों को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर परोक्ष रूप से तंज कसते हुए आरोप लगाया कुछ तत्व जम्मू-कश्मीर को वापस अलगाववाद, आतंकवाद और हिंसा की ओर धकेलने की कोशिश कर रहे हैं।
श्री अब्दुल्ला का नाम लिए बिना श्री सिन्हा ने कहा कि कुछ लोग जम्मू-कश्मीर में कायम शांति, स्थिरता और प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की उपलब्धियों को स्वीकार करने के बजाय वे अलग तरह से बात कर रहे हैं।
श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए श्री सिन्हा ने कहा, "भारत की बात करने के बजाय वे उस देश की बात करते हैं जहां लोगों को आटे के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ता है। दुनिया भर के हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित भारत के गौरव को स्वीकार करने के बजाय, वे अलग बोली बोलते हैं।"उनकी यह टिप्पणी श्री अब्दुल्ला द्वारा हाल ही में खड़े किए गए राजनीतिक विवाद के कुछ दिनों बाद आई है। श्री अब्दुल्ला ने कथित तौर पर कहा था कि पड़ोसी देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कश्मीर मुद्दे को जीवित रखकर कश्मीर के लोगों की रक्षा कर रहा है। भाजपा ने अब्दुल्ला के इस बयान को देशद्रोही करार देते हुए माफी की मांग की थी।
इस तरह के बयान का परोक्ष संदर्भ देते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में ऐसे लोग हैं जो इस क्षेत्र को वापस अलगाववाद, आतंकवाद और हिंसा में धकेलना चाहते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित