इस्लामाबाद , अप्रैल 04 -- पाकिस्तान की नौसेना ने अपने आधुनिकीकरण अभियान के तहत 'मिलगैम' श्रेणी का दूसरा युद्धपोत अपने बेड़े में शामिल किया है।

यह जानकारी सेना की मीडिया इकाई ने दी।

तुर्की की रक्षा कंपनी के साथ 2018 में हुए समझौते के तहत निर्मित 'पीएनएस खैबर' चार मिलगैम युद्धपोतों में से दूसरा है, जिसे नौसेना में शामिल किया गया है। इस समझौते के अनुसार दो पोत तुर्की में और दो पाकिस्तान में बनाए जाने हैं। यह युद्धपोत उन्नत सेंसरों और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों से लैस है, जिससे उच्च गति वाले समुद्री खतरों का मुकाबला किया जा सकता है और हिंद महासागर क्षेत्र में पाकिस्तान की नौसैनिक क्षमता मजबूत होगी।

समारोह में नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीद अशरफ ने कहा कि देश की सामरिक स्थिति तथा समुद्री व्यापार और ऊर्जा मार्गों की सुरक्षा के लिए मजबूत नौसेना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह पोत अत्याधुनिक तकनीकों से युक्त है और संभावित दुश्मन के महत्वपूर्ण ठिकानों एवं नौसैनिक परिसंपत्तियों को निशाना बनाने में सक्षम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित