थाजल/उरी , जुलाई 04 -- सरहद पार के प्यार के सैकड़ों किस्से सामने आते एवं मीडिया पर सुर्खियां बटोरते रहे हैं और इसी कड़ी में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर(पीओके) से ऐसे ही एक प्रेमी युवक के नियंत्रण रेखा पार कर जम्मू कश्मीर में उरी सेक्टर के थाजल गांव अपनी प्रेयसी के पास पहुंचने का मामला सामने आया है।
ऐसा एक वाकया उस समय सामने आया जब पीओके से एक तथाकथित घुसपैठिया जम्मू कश्मीर में बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय सीमा में पहुंचा। जांचकर्ताओं ने बताया कि यह मामला घुसपैठ की आम घटनाओं जैसा नहीं है बल्कि यह प्यार की एक ऐसी कहानी है जिसने 22 साल के युवक को अपनी महबूबा से मिलने के लिए दुनिया की सबसे अधिक सुरक्षा वाली सीमाओं में से एक को पार करने को मजबूर कर दिया।
पीओके में मुजफ्फराबाद के पैनकडी निवासी 22 साल के जीशान अहमद मीर को सेना के जवानों ने उरी सेक्टर में भारतीय सीमा में पहुंचते ही पकड़ लिया। उसका सफर हालांकि हिरासत और पूछताछ पर खत्म हुआ लेकिन जांचकर्ताओं का कहना है कि उसके सीमा पार करने के हालात एक बेहद निजी कहानी की ओर इशारा करते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जीशान को भारतीय सीमा में घुसने के तुरंत बाद सिलिकोट के पास पकड़ा गया, जो नियंत्रण रेखा पर बसा एक सुरक्षित गांव है। उसने सेना को बताया कि वह इरम बानो नाम की उस युवती से मिलने आया था, जो उसकी दूर की एक रिश्तेदार है और जिससे वह पिछले एक साल से ऑनलाइन चैटिंग कर रहा था। उनकी ऑनलाइन दोस्ती धीरे-धीरे एक ऐसे रिश्ते में बदल गयी, जो दूरी और उनके बीच की मुश्किल सीमा के बावजूद कायम रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित