नयी दिल्ली , जून 24 -- एयर इंडिया के एक विमान के पाकिस्तान की हवाई सीमा में घुसने की घटना में दोनों पायलट और अमृतसर हवाई अड्डे पर उस समय ड्यूटी पर तैनात एयर ट्रैफिक कंट्रोलर पर अंतरिम कार्रवाई की गयी है।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बताया कि चालक दल के सदस्य और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने इस घटना की रिपोर्ट संबंधिक नियामकों को नहीं की, इसलिए उन पर यह कार्रवाई की गयी है। सूत्रों का कहना है कि उन्हें ड्यूटी से हटा दिया गया है।

डीजीसीए की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-479 जो 22 जून को दिल्ली से अमृतसर पहुंची थी, वह कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में चली गयी थी। यह एयरबस का ए321 विमान (पंजीकरण संख्या वीटी-पीपीवी) था।

अप्रोच के दौरान पायलट से होल्ड करने के लिए कहा गया था क्योंकि किसी दूसरे विमान से पक्षी के टकराने की घटना के बाद रनवे का इंस्पेक्शन किया जा रहा था। जब बाद में एयर इंडिया के विमान ने उतरने के लिए अप्रोच करना शुरू किया तो वह कुछ देर के लिए पाकिस्तानी हवाई सीमा में घुस गया।

डीजीसीए ने कहा कि घटना के संबंध में पाकिस्तान एटीसी के अधिकारियों के साथ संयोजन किया गया था। बाद में उड़ान दिल्ली वापस लौट आयी।

नियामक ने बताया कि "घटना की रिपोर्टिंग नहीं करने के कारण" संबंधित एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और चालक दल के सदस्यों पर अंतरिम कार्रवाई की गयी है।

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि घटना की जानकारी नियामक एजेंसियों को दे दी गयी है। साथ ही मामले की आंतरिक जांच भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया के लिए यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित