इस्लामाबाद , अक्टूबर 21 -- पाकिस्तान और मालदीव ने अगले दो वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 1.3 करोड़ डॉलर से बढ़ाकर 20 करोड़ डॉलर तक पहुंचाने पर सहमति जताई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और मालदीव के राष्ट्रपति डॉ मुहम्मद मुइज्जू के बीच मंगलवार को हुई वार्ता में व्यापार, निवेश, समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय संबंधों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

श्री शरीफ ने सोशल मीडिया पर कहा कि दोनों देश राजनयिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने श्री मुइज्जू को अपना प्रिय भाई बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने से जनता की साझा समृद्धि के नए अवसर खुलेंगे।

श्री शरीफ ने फिलिस्तीनी लोगों के समर्थन और इस्लामी जगत में दोनों देशों के बीच समन्वय के लिए मालदीव की सराहना की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान दक्षिण एशिया में शांति, स्थिरता, संवाद और क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विवाद बताते हुए कहा कि इसका न्यायसंगत समाधान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप होना चाहिए।

श्री मुइज्जू के पाकिस्तान पहुंचने पर प्रधानमंत्री आवास में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। तीनों सेनाओं के दलों ने उन्हें सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर दिया। दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए गए। इसके बाद श्री शरीफ ने मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों से श्री मुइज्जू का परिचय कराया। मालदीव के राष्ट्रपति ने भी अपने प्रतिनिधिमंडल का परिचय दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के परिसर में पौधा लगाया और दोनों देशों की प्रगति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।

मुलाकात के बाद श्री मुइज्जू ने शरीफ का आतिथ्य और मित्रता के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच हुई सार्थक बातचीत से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की ठोस नींव तैयार हुई है।

श्री मुइज्जू ने कहा कि दोनों देशों ने व्यापार एवं निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, पर्यटन, मत्स्य पालन, कृषि, युवा एवं खेल, रक्षा एवं सुरक्षा, प्रशिक्षण तथा क्षमता निर्माण के साथ क्षेत्रीय और बहुपक्षीय सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझा प्राथमिकताओं की समीक्षा की।

उन्होंने पाकिस्तान को मालदीव की पांच लाख नहीं, बल्कि 50 लाख पेड़ लगाने की पहल में महत्वपूर्ण योगदान के लिए धन्यवाद दिया। श्री मुइज्जू ने कहा कि इस्लामाबाद स्थित अंतरराष्ट्रीय इस्लामिक विश्वविद्यालय ने उन्हें राजनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र में मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की, जो उनके और उनके देश के लिए सम्मान की बात है।

श्री मुइज्जू ने बताया कि दोनों देशों के बीच 20 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ है। उन्होंने इसे मालदीव-पाकिस्तान संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत बताते हुए कहा कि दोनों देश आपसी लाभ वाली साझेदारी को आगे बढ़ाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित