पेशावर , अक्टूबर 15 -- पाकिस्तान के पेशावर शहर में गुरुवार को एक निजी विद्यालय की छत ढह जाने से 29 छात्रों और एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई और 52 अन्य लोग इस हादसे में घायल हुए हैंसरकारी आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के अनुसार, यह हादसा दीर कॉलोनी के कॉलेज रोड स्थित एक निजी विद्यालय में हुआ, जिसके तुरंत बाद व्यापक राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

लेडी रीडिंग अस्पताल (एलआरएच) के प्रवक्ता मोहम्मद आसिम ने बताया कि इस घटना में 29 बच्चों मौत हो चुकी है और एक शिक्षिका को भी मृत घोषित किया गया । स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है और डॉक्टर घायलों का इलाज कर रहे हैं, जिनमें से कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। राहत कार्यों में सहायता के लिए पाकिस्तानी सेना के जवान भी बचाव कर्मियों और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर मलबे से बच्चों और विद्यालयकर्मियों को बाहर निकाल रहे हैं।

इस बीच, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने घटना की रिपोर्ट तलब करते हुए हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी, पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज और सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने भी इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित