मुजफ्फरपुर , मई 22 -- बिहार पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने देश की सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मामले का खुलासा करते हुए पाकिस्तानी हथियार तस्कर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़ कर भारत विरोधी ताकतों के लिए काम कर रहे एक आरोपी को मुजफ्फरपुर जिले के रतनपुर गाँव से गिरफ्तार किया है। एटीएस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए आज यहां बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रतनपुर गांव निवासी मो.मुस्तफा, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मो० मुस्तफा भारत विरोधी ताकतों के लिए कार्य कर रहा था। वहपाकिस्तान स्थित कुख्यात हथियार तस्कर शहजाद भट्टी गैंग और उसके सहयोगियों के सीधे संपर्क में था तथा भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्त था।
विज्ञप्ति के अनुसार एटीएस की विशेष खुफिया इकाई को सूचना मिली थी कि मुजफ्फरपुर में रहने वाला एक युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग एप्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित नेटवर्क के लिए काम कर रहा है साथ ही देश गिरोधी ताकतों के लिए गतिविधियां संचालित कर रहा था।
सूचना के आधार पर एटीएस टीम ने रतनपुर गांव में छापेमारी कर मो. सागीर के पुत्र मो. मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से बरामद डिजिटल साक्ष्यों ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने की एक साजिश का खुलासा किया है।जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की तकनीकी जांच की गई, जिसमें कई आपत्तिजनक और देश विरोधी सामग्री बरामद हुई।
एटीएस सूत्रों के अनुसार मोबाइल से डिलीट किए गए डेटा, चैट बैकअप और सक्रिय मैसेजिंग एप्लिकेशन की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मो मुस्तफा का संपर्क पाकिस्तान स्थित हथियार तस्कर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा हुनैन से लगातार बना हुआ था। एटीएस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी भारत के कई संवेदनशील और रणनीतिक महत्व के स्थलों की तस्वीरें, वीडियो और अन्य डिजिटल जानकारियां इकट्ठा कर रहा था जिसे उसके मोबाइल फोन से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच के मुताबिक उसने प्रतिबंधित और संवेदनशील क्षेत्रों के वीडियो और फोटो बनाकर उनकी सटीक भौगोलिक लोकेशन पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ साझा की थी। इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे के रूप में देखा जा रहा है।
बिहार एटीएस ने बयान जारी कर बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। जांच एजेंसियां आरोपी के यात्रा इतिहास, सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, डिजिटल उपकरणों , वित्तीय लेन-देन की वैज्ञानिक एवं तकनीकी विश्लेषण के जरिए पड़ताल कर रही हैं। इसके अलावा आरोपी के अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है। एटीएस को आशंका है कि इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। विदेशी फंडिंग, नेटवर्क की व्यापकता और संभावित सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में प्रसपथ तथ्यों के आधार पर मो. मुस्तफा के खिलाफ जासूसी, देश विरोधी गतिविधियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित