नयी दिल्ली , जुलाई 28 -- भारत में नीट परीक्षा के लीक होने के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन को पाकिस्तान के जेन-जी के सोशल मीडिया पर समर्थन देने पर विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जतायी है कि पाकिस्तान का युवा इस बात पर भी ध्यान देगा कि उनके देश को सीमा पार आतंकवाद को बढावा देना बंद करना चाहिए।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को यहां इस बारे में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा," जैसा कि हम जानते हैं पाकिस्तान दशकों से भारत के विरूद्ध सीमा पार आतंकवाद को प्रायोजित करता रहा है। भारत के लोग जिनमें जेन-जी भी शामिल है , यह मांग करते रहे हैं कि पाकिस्तान प्रायोजित सीमा-पार आतंकवाद का अंत होना चाहिए। हमें आशा है कि पाकिस्तान के युवा इस पर भी समुचित ध्यान दे रहे होंगे।"उल्लेखनीय है कि उनसे पूछे गये सवाल में दावा किया गया था कि भारत में छात्रों के प्रदर्शन को पाकिस्तान के जेन-जी ने सोशल मीडिया पर समर्थन दिया है और इस पर भारत की क्या राय है।

भारत का कहना है कि पाकिस्तान को सोशल मीडिया के माध्यम से ध्यान भटकाने वाली इन हरकतों के बजाय सीमा पार आतंकवाद को समाप्त करने पर ध्यान देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित