जशपुर , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव में मंगलवार को विद्युत पोल शिफ्टिंग के दौरान करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पाकरगांव में निजी जमीन पर बिजली के लोहे के खंभे को शिफ्ट करने का काम किया जा रहा था। इस कार्य में करीब 10 से 12 मजदूर लगे हुए थे। इसी दौरान खंभे में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में ठामन ध्रुव और अलेक भगत की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए।

पत्थलगांव के कार्यपालन यंत्री सत्येंद्र मरकाम ने बताया कि पाकरगांव में खंभा शिफ्टिंग के लिए विद्युत विभाग की ओर से कोई परमिट जारी नहीं किया गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है।

कुनकुरी के अधीक्षण अभियंता सत्य प्रकाश कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्थलगांव एसडीओपी डॉ. धुर्वेश जायसवाल ने बताया कि निजी जमीन पर खंभा शिफ्टिंग के दौरान दो मजदूरों की मौत हुई है। पत्थलगांव थाने में मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित