अमृतसर , सितंबर 19 -- सरफेस वाटर सप्लाई परियोजना के तहत पाइपलाइन डालने के दौरान सुल्तानविंड नहर क्षतिग्रस्त होने से शनिवार को नहर का पानी आसपास के रिहाइशी इलाकों में फैल गया। साहिबजादा जुझार सिंह नगर और भाई मान सिंह रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी पहुंचने से कई घरों में जलभराव की सूचना है।
घटना की सूचना मिलने पर सांसद गुरजीत सिंह औजला मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक निरीक्षण में परियोजना के काम के दौरान लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और चूक के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी।
श्री औजला ने कहा कि शहर में करीब 57 ओवरहेड टैंकों के जरिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह परियोजना चल रही है। नहर के नीचे से पाइपलाइन निकालने के दौरान दबाव के जरिए पाइपलाइन आगे बढ़ाई जा रही थी, इसी दौरान पानी का बहाव शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का आकलन कराया जाएगा और राहत के लिए सरकार के समक्ष मामला उठाया जाएगा। उन्होंने परियोजना पर काम कर रही एलएंडटी कंपनी तथा संबंधित विभाग से तकनीकी और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित