दरभंगा , सितंबर 11 -- बिहार में दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शुक्रवार को मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान परिसर का निरीक्षण कर वहां संरक्षित महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पांडुलिपियों के डिजिटाइजेशन तथा निर्माणाधीन आधारभूत संरचनाओं की प्रगति की समीक्षा की।श्री कुमार ने पांडुलिपियों के डिजिटाइजेशन के लिए स्थापित की जा रही मशीन के इंस्टॉलेशन कार्य का जायजा लिया और डिजिटाइजेशन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संस्थान में उपलब्ध सभी पांडुलिपियों का सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं उच्च गुणवत्ता के साथ डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि पांडुलिपियां समृद्ध ज्ञान, संस्कृति एवं ऐतिहासिक विरासत की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इसलिए डिजिटाइजेशन के दौरान पांडुलिपियों की सुरक्षा एवं मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए पूरी सावधानी और तकनीकी दक्षता के साथ कार्य किया जाए।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान संस्थान परिसर में चल रहे निर्माणाधीन बालक छात्रावास, प्रशासनिक भवन, गेस्ट हाउस सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का भी स्थल निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संस्थान की आवश्यकता एवं उपयोगिता के अनुरूप आधारभूत संरचनाओं को बेहतर ढंग से विकसित करने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, शोध संस्थान के निदेशक तथा संबंधित अभियंतागण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित