अंबाला , अक्टूबर 13 -- हरियाणा के राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), अंबाला की टीम ने कार्रवाई करते हुए द्वितीय हरियाणा बटालियन, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), अंबाला छावनी में तैनात लिपिक को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर सरकारी नीति के अनुसार विभागाध्यक्ष से नौकरी की सुरक्षा संबंधी पत्र मंजूर करवाने के बदले शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि अनुबंध आधार पर पार्ट-2 पॉलिसी के तहत लिपिक के पद पर कार्यरत ऋचा कौशिक ने नौकरी की सुरक्षा संबंधी पत्र मंजूर करवाने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की थी। रिश्वत की राशि चार किस्तों में, प्रत्येक किस्त पांच हजार रुपये के हिसाब से ली जानी थी।
शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन करने के बाद ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में पांच हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की राशि आरोपी के मोबाइल फोन के कवर से बरामद हुई।
इस मामले में अभियोग संख्या 20, दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308(2) के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अंबाला में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। इसके लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94178-91064 पर शिकायत की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित