चंडीगढ़ , अगस्त 6 -- पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत मोहाली स्थित रफ्तार टूल्स एंड ट्रैवल कंपनी में कार्यरत निजी चालक अमनदीप को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने गुरूवार को बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर की गयी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि रफ्तार टूल्स कंपनी के मालिक द्वारा उसके खिलाफ पुलिस चौकी में दर्ज करायी गयी शिकायत में समझौता कराने के नाम पर आरोपी चालक ने उससे 60,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के बाद यह सौदा 40,000 रुपये में तय हुआ।
रिश्वत देने के बजाय शिकायतकर्ता ने मामले की सूचना सतर्कता ब्यूरो की फ्लाइंग स्क्वाड-1, एसएएस नगर को दी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और आरोपी अमनदीप को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ सतर्कता ब्यूरो थाना, एसएएस नगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस ब्यूरो ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित