पौड़ी, जुलाई 19 -- उत्तराखंड में जनपद पौड़ी में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को पौड़ी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार के इनामी चरस सप्लायर को उत्तरकाशी से गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की सप्लाई चेन की अहम कड़ी था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और तस्करी की पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने लगातार सुरागरसी और सूचना संकलन के बाद वांछित आरोपी बृजपाल (36) पुत्र निहाल सिंह, निवासी मनेरी, जनपद उत्तरकाशी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, एक मार्च 2026 को भीमगोड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान टीवीएस मोटरसाइकिल सवार मेनपाल और राजकुमार को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के कब्जे से 503 ग्राम और 501 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई थी। इसके अलावा 25 जून 2026 को लक्ष्मणझूला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चन्द्रपाल के कब्जे से 1.062 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई थी। दोनों मामलों में दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान सामने आया कि बरामद चरस की आपूर्ति बृजपाल द्वारा की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित