हरिद्वार , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस ने वर्ष 2024 से फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 मई 2024 को वादी विशु वर्धधाना राव, स्टेशन हेडक्वार्टर रुड़की द्वारा सतपाल सिंह पुत्र हरफूल सिंह निवासी 442, आवास विकास, रुड़की (कोतवाली गंगनहर) के विरुद्ध 3,83,438 रुपये के गबन के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह पवार द्वारा की जा रही थी।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिस पर कोतवाली रुड़की पुलिस द्वारा 5000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी को देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित आईआईटी पार्क क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित